Dindori News : ग्रामसभा से लगातार अनुपस्थित रहने का सरपंच पर आरोप, ठप विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने खोला मोर्चा…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

एसडीएम शहपुरा और जनपद सीईओ को सौंपा ज्ञापन, ग्रामसभा से अनुपस्थिति, अधूरे सीसी रोड और मजदूरी भुगतान नहीं होने की शिकायत

 

 

डिंडौरी । जनपद पंचायत शहपुरा की ग्राम पंचायत मरवारी में सरपंच की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों का असंतोष खुलकर सामने आया है। ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत शहपुरा को शिकायत पत्र सौंपकर सरपंच पर ग्रामसभा की बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहने, पंचायत के विकास कार्य प्रभावित करने तथा मजदूरों का भुगतान लंबित रखने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

दरअसल शिकायतकर्ताओं के अनुसार 1 अगस्त 2026 को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ग्रामसभा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी, लेकिन सरपंच उसमें भी शामिल नहीं हुए। ग्रामीणों का आरोप है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि सरपंच लंबे समय से ग्रामसभा की बैठकों से अनुपस्थित रहते आ रहे हैं। इसके चलते पंचायत के कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव लंबित हैं और विकास कार्यों की गति पूरी तरह प्रभावित हो गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि लघु पशुपालन, जल संरक्षण, कंटूर ट्रेंच, आवश्यक निर्माण कार्य तथा आजीविका मिशन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के प्रस्ताव समय पर स्वीकृत नहीं हो पा रहे हैं। इससे पंचायत क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलने में देरी हो रही है और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।

शिकायत पत्र में प्रशासन से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर सरपंच के विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। साथ ही ग्रामसभा की नियमित बैठकें सुनिश्चित करने और लंबित विकास कार्यों को तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति (टीएस एवं एएस) दिलाने के लिए एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाए।

ग्रामीणों एवं मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत में लगभग एक माह पूर्व शुरू हुआ सीसी रोड निर्माण कार्य बीच में ही बंद हो गया है। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को अब तक उनकी मजदूरी का भुगतान नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मजदूरों का लंबित भुगतान शीघ्र कराने और अधूरे निर्माण कार्य को तत्काल पूरा कराने की मांग की है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *