— गृह विभाग ने जारी किए नियुक्ति आदेश, 25 अगस्त तक कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
भोपाल । मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा-2024 के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों की मध्यप्रदेश राज्य पुलिस सेवा में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) पद पर नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार कुल 16 अभ्यर्थियों को परिवीक्षाधीन आधार पर डीएसपी पद पर नियुक्त किया गया है।
आदेश के अनुसार सभी चयनित अधिकारियों की नियुक्ति दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि के लिए की गई है। नियुक्त अधिकारी 25 अगस्त 2026 तक मध्यप्रदेश शासन, गृह विभाग, मंत्रालय (वल्लभ भवन), भोपाल में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करेंगे। निर्धारित तिथि तक कार्यभार ग्रहण नहीं करने अथवा प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने की स्थिति में नियुक्ति आदेश स्वतः निरस्त माना जाएगा।
गृह विभाग ने निर्देश दिए हैं कि सभी नव नियुक्त डीएसपी को आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी, भोपाल में आयोजित संयुक्त आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होकर परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा नहीं करने पर सेवा समाप्त किए जाने का प्रावधान भी आदेश में शामिल किया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नियुक्ति शैक्षणिक योग्यता, जाति एवं ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र, चरित्र सत्यापन तथा मेडिकल फिटनेस के सत्यापन के अधीन रहेगी। यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा प्रस्तुत जानकारी असत्य पाई जाती है या सत्यापन में प्रतिकूल तथ्य सामने आते हैं, तो उसकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी जाएगी।
गृह विभाग ने यह भी उल्लेख किया है कि ये नियुक्तियां मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय में लंबित संबंधित याचिकाओं के अंतिम निर्णय के अधीन रहेंगी।जारी सूची में विवेक कुमार पटेल, प्रियांशु पाण्डेय, वर्षा पटेल, शंशांक त्रिपाठी, विवेक सिंह, अखिलेश मिनारे, मीना मिश्रा, भरत लाल चौहान, पूजा तिवारी, स्वराज सांवलिया, शुभम वर्मा, खुशबू राय, विकेश महादर, आरती, जयंत परस्ते तथा जितेन्द्र बंधेल को उप पुलिस अधीक्षक पद पर नियुक्त किया गया है। गृह विभाग ने संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

