Dindori News : संदीपनि विद्यालय डिंडौरी में गुरु पूर्णिमा का भव्य आयोजन, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

डिंडौरी। भारतीय संस्कृति में गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान एवं गुरु-शिष्य परंपरा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संदीपनि विद्यालय डिंडौरी में बुधवार को गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार विद्यालय में 15 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का आयोजन किया गया, जिसका समापन भव्य गुरु पूर्णिमा उत्सव के साथ हुआ।

 

पखवाड़े के दौरान विद्यालय में प्रतिदिन विविध शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना एवं गुरु वंदना से हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने विद्यालय भ्रमण, नवाचार गतिविधियों का अवलोकन, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता, संस्कृत श्लोक पाठ, भजन, योगाभ्यास, स्वास्थ्य जागरूकता, करियर मार्गदर्शन, प्रेरक व्याख्यान, वृक्षारोपण, शिक्षक-अभिभावक बैठक, स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता रैली तथा गुरु-शिष्य प्रेरणा संवाद जैसे कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

समापन समारोह में विद्यार्थियों ने मुख्य अतिथि एवं गुरुजनों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर गुरु वंदना, सांस्कृतिक नृत्य, गीत, भाषण एवं अन्य रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत सदस्य संतोष सिंह चंदेल रहे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व जनपद पंचायत सदस्य प्रमोद द्विवेदी, सेवानिवृत्त शिक्षक बी.एस. यादव, नरेंद्र यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

 

इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों एवं विद्यालय के प्राचार्य जे.एस. मरकाम ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

कार्यक्रम का सफल आयोजन विद्यालय के प्राचार्य श्री जे.एस. मरकाम के मार्गदर्शन एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग से संपन्न हुआ। गुरु पूर्णिमा उत्सव ने विद्यार्थियों में गुरु के प्रति श्रद्धा, भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान तथा नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *