Dindori News : एकीकृत माध्यमिक विद्यालय जोगीग्वारा में श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाई गई गुरु पूर्णिमा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

डिंडौरी/करंजिया। मध्यप्रदेश शासन एवं कार्यालय कलेक्टर, जनजातीय कार्य विभाग डिंडौरी के निर्देशों के परिपालन में विकासखंड करंजिया स्थित एकीकृत माध्यमिक विद्यालय जोगीग्वारा में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा, उत्साह एवं भक्ति भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने गुरु परंपरा का सम्मान करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु की महिमा का गुणगान किया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था प्रमुख रामकुमार गर्ग ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित एवं पूजन कर किया। इसके पश्चात विद्यालय की बाल कैबिनेट के प्रधानमंत्री इशांत पेन्दो एवं उपप्रधानमंत्री कुमारी केशमा बंजारा ने आचार्य संदीपनी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर गुरु-शिष्य परंपरा को नमन किया।

 

अपने प्रेरक संबोधन में संस्था प्रमुख श्री गर्ग ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। उन्होंने आचार्य चाणक्य और चंद्रगुप्त मौर्य का उदाहरण देते हुए बताया कि गुरु के मार्गदर्शन से ही साधारण व्यक्ति भी महान ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गुरु संदीपनी तथा भगवान श्रीराम द्वारा गुरु वशिष्ठ से शिक्षा ग्रहण करने का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना रखने का संदेश दिया।

 

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, गुरु महिमा पर आधारित गीत एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनकी सभी ने सराहना की। पूरे विद्यालय परिसर में भक्ति एवं श्रद्धा का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के लिए विशेष भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें खीर, पूरी एवं सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *