डिंडौरी। शासकीय हाई स्कूल मुडकी में मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 15 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक आयोजित गुरु पूर्णिमा कार्यक्रमों के समापन अवसर पर बुधवार को भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा, भारतीय संस्कृति एवं गुरु के महत्व पर आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षिका श्रीमती लीला सैयाम रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती अनामिका शर्मा (जिला कार्यवाहक, राष्ट्र सेविका समिति, डिंडौरी) एवं श्रीमती रश्मि तिवारी (नगर प्रचारक प्रमुख, डिंडौरी) उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर शाला परिवार द्वारा मुख्य अतिथि श्रीमती लीला सैयाम का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
विशिष्ट अतिथि अनामिका शर्मा ने अपने संबोधन में महर्षि सांदीपनि के जीवन एवं गुरु-शिष्य परंपरा पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति के मूल्यों से जुड़ने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने गुरु पूर्णिमा की महत्ता पर भाषण, गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। साथ ही संस्कृत श्लोकों के माध्यम से जीवन में गुरु के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन दिनेश निरिया ने किया। अंत में शाला की प्राचार्य सुनीता नामदेव ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शाला परिवार के लक्ष्मी सैयाम, शकील मंसूरी, माया धुर्वे, सोनाली पांडे एवं भूपेंद्र सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




