Big Breaking : बेटी के घर जा रही वृद्धा की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, भागते कार चालक का ग्रामीणों ने किया पीछा, कार छोड़कर मौके से फरार हुआ चालक

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

 

डिंडौरी। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरकंटक रोड स्थित घानाघाट में बुधवार शाम करीब 7:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने साहस और सतर्कता का परिचय देते हुए उसका पीछा किया और समनापुर तिराहा के पास कार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मीराबाई (65 वर्ष), पति स्वर्गीय झल्लू सिंह, निवासी ग्राम धनुवासागर, अपनी बेटी के ससुराल जाने के लिए निकली थीं। घानाघाट के समीप वह सड़क पार कर रही थीं, तभी अमरकंटक की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार काफी अधिक थी और चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए महिला को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि मीराबाई ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक बिना रुके कार लेकर भाग निकला। घटना को देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत कार का पीछा शुरू किया और समनापुर तिराहा के पास वाहन को रोक लिया। इसके बाद चालक और वाहन की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहीं, पकड़े गए वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है । वहीं वाहन चालक मौके गाड़ी छोड़ मौके से फरार हो गया।

इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे धनुवासागर गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि अमरकंटक रोड पर लगातार बढ़ती तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिन पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन निर्धारित गति सीमा में चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *