— 31 जुलाई की प्रमुख सचिव की वीडियो कॉन्फ्रेंस की तैयारियों की समीक्षा, सभी विभागों को अद्यतन जानकारी और लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश
डिंडौरी। जिले में जल संरक्षण और प्राकृतिक जल स्रोतों के संवर्धन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत चल रहे कार्यों की विभागवार प्रगति का आकलन किया गया। बैठक में निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने तथा अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान जिले में जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने, निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में 31 जुलाई 2026 को प्रस्तावित प्रमुख सचिव, मध्यप्रदेश शासन की वीडियो कॉन्फ्रेंस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों और लंबित प्रकरणों की अद्यतन जानकारी तैयार रखने और समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन स्तर की समीक्षा बैठक में सभी विभाग पूरी तैयारी के साथ शामिल हों और आवश्यक प्रगति प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराएं। बैठक में स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कृषि, पशुपालन, लोक निर्माण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




