— स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, सहकारी समिति और जैविक खेती मॉडल का किया निरीक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, खाद वितरण व विकास कार्यों में समयबद्ध प्रगति के दिए निर्देश
डिंडौरी। संभागायुक्त धनंजय सिंह ने शुक्रवार को डिंडौरी जिले के अनुसूचित जनजाति बाहुल्य विकासखंड बजाग का सघन भ्रमण कर शासन की विभिन्न योजनाओं और विकास गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने हाईस्कूल सरवाही, आयुष्मान आरोग्य मंदिर हर्रा टोला, सहकारी संस्था तथा मझियाखार में जैविक उद्यानिकी मॉडल का निरीक्षण किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला एवं संभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान हाईस्कूल सरवाही में संभागायुक्त ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया और नियमित अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। हर्रा टोला स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में दवाइयों की उपलब्धता, वितरण पंजी और स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। वहीं सहकारी संस्था में खाद वितरण व्यवस्था का भी जायजा लिया।
मझियाखार में कृषक जितेन्द्र साहू द्वारा विकसित जैविक उद्यानिकी मॉडल का अवलोकन करते हुए उन्होंने किसानों से उद्यानिकी विभाग की योजनाओं का लाभ लेकर आधुनिक एवं उन्नत खेती अपनाने का आग्रह किया। ग्राम पंचायत चांडा स्थित वन्या रेडियो सेंटर का भी निरीक्षण किया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरवाही में आयोजित स्वास्थ्य एवं पोषण समीक्षा बैठक में संभागायुक्त ने गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत एएनसी पंजीयन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, टीकाकरण एवं कुपोषण प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक माह स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी संयुक्त कार्यशाला आयोजित करने और सीएमएचओ एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। एएनसी पंजीयन और टीकाकरण में कम प्रगति वाले अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश भी क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य को दिए।
कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में संभागायुक्त ने राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, सड़क सुरक्षा के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने, वन अधिकार अधिनियम के दावों, पीएम राहत, पीएम आवास, संबल योजना, जल गंगा संवर्धन, पीएम जनमन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन और अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी स्कूलों एवं छात्रावासों में प्रवेश अभियान चलाकर शत-प्रतिशत नामांकन, अपार आईडी निर्माण और समय पर पाठ्यपुस्तक वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएम राइज स्कूलों में बच्चों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण संचालन पर भी विशेष जोर दिया।
संभागायुक्त ने खाद वितरण ई-विकास प्रणाली के माध्यम से सुनिश्चित करने, खाद-बीज एवं कीटनाशकों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने तथा अमानक सामग्री मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्राकृतिक खेती, नरवाई प्रबंधन, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता और माइक्रो क्रेडिट योजनाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
उन्होंने सभी छात्रावासों, आंगनवाड़ियों और स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने, पेयजल टंकियों की नियमित सफाई एवं जल परीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, ऊर्जा, नगरीय प्रशासन, जनजातीय कार्य सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को खाद और बीज समय पर उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
संभागायुक्त ने विभिन्न विभागों की योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश भी दिए। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांशु चौधरी सहित जिला एवं संभागीय स्तर के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




