Dindori News : निर्माणाधीन पुल में तकनीकी खामी पर विधायक भड़के, अधिकारियों को लगाई फटकार…..

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। अमरपुर विकासखंड में खरमेर नदी पर लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पुल के कार्य में कथित तकनीकी खामियों को लेकर विवाद गहरा गया है। क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

 

 

निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि अमरपुर को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण पुल के एप्रोच मार्ग पर लगभग 90 डिग्री का तीखा मोड़ बनाया गया है। विधायक का कहना है कि इस प्रकार का मोड़ यातायात सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत खतरनाक है और भविष्य में गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है।

 

 

विधायक धुर्वे ने जनपद पंचायत एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में बरती गई कथित अनियमितताओं पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

 

विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तकनीकी खामियों की विस्तृत जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।

 

इधर, स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुल के एप्रोच मार्ग पर बने तीखे मोड़ को लेकर चिंता व्यक्त की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते डिजाइन में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में दुर्घटनाओं का खतरा बना रहेगा। वहीं संबंधित विभाग के अधिकारियों ने मामले का परीक्षण कर तकनीकी त्रुटियों को दूर करने का आश्वासन दिया है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *