— ग्राम छांटा बैगानटोला में कार्रवाई, खनिज नियमों के तहत प्रकरण कलेक्टर न्यायालय में होगा प्रस्तुत
डिंडौरी। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर अंजु पवन भदौरिया के निर्देशन में खनिज विभाग की टीम ने रविवार को अवैध मुरुम उत्खनन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन जब्त की है।
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 मई 2026 को विभागीय टीम द्वारा ग्राम छांटा बैगानटोला, तहसील एवं थाना डिंडौरी क्षेत्र में निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जेसीबी क्रमांक MP52DA0254 को बिना वैध अनुमति के खनिज मुरुम का उत्खनन करते हुए पाया गया। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए जेसीबी को जब्त कर लिया।
जांच में वाहन का चालक रामचरण मरावी, पिता मदन सिंह मरावी, निवासी देवरी समनापुर, तहसील एवं जिला डिंडौरी पाया गया, जबकि वाहन के मालिक ठाकुर सिंह निवासी देवरी समनापुर बताए गए हैं। जब्त वाहन को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस थाना कोतवाली डिंडौरी में खड़ा कराया गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित वाहन के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रकरण को सुनवाई एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए कलेक्टर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




