डिंडौरी। जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इस योजना का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, पोषण और संपूर्ण विकास सुनिश्चित करना है। अधिकारी जानकारी के अनुसार, चयनित पात्र हितग्राहियों को ₹4000 प्रति माह की प्रायोजन (स्पॉन्सरशिप) सहायता दी जाएगी, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी बच्चे की शिक्षा या पालन-पोषण प्रभावित न हो।
— कौन होंगे पात्र
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से पेंशन प्राप्त करने वाले बच्चे, तथा विभाग में पंजीकृत दिव्यांग बच्चों के पालक इस योजना के लाभ के पात्र होंगे। लाभार्थी को आवेदन के साथ दिव्यांग प्रमाण पत्र, समग्र आईडी, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र या बीपीएल कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, अध्ययनरत कक्षा की मार्कशीट और पासपोर्ट साइज फोटो जमा करना आवश्यक होगा।
— ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन संभव
महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि पात्र अभ्यर्थी अपना आवेदन सामाजिक न्याय विभाग, जिला पंचायत कार्यालय डिंडौरी में ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों माध्यमों से जमा कर सकते हैं। विभाग ने जिले के सभी दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों से अपील की है कि वे योजना का लाभ लेने के लिए शीघ्र आवेदन करें, ताकि उनके बच्चों की शिक्षा और पोषण में कोई बाधा न आए।





