डिंडौरी। जिले के जनपद पंचायत डिंडौरी में पदस्थ ग्राम रोजगार सहायकों ने मानदेय भुगतान में हो रही देरी को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। ग्राम रोजगार सहायक संगठन ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र सौंपते हुए बताया कि पिछले 4 माह से मानदेय नहीं मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है।
— पत्र के मुताबिक
पत्र में उल्लेख किया गया है कि मानदेय के अभाव में कर्मचारियों को परिवार का भरण-पोषण करने में कठिनाई हो रही है। बच्चों की पढ़ाई, स्कूल फीस और रोजमर्रा के खर्चों के साथ-साथ वाहन में पेट्रोल भराने तक में दिक्कतें आ रही हैं। इसके बावजूद सभी ग्राम रोजगार सहायक शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन दिन-रात कर रहे हैं।
इसी समस्या को लेकर सभी ग्राम रोजगार सहायकों ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया है कि वे 13 अप्रैल 2026 से 18 अप्रैल 2026 तक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे और इस दौरान मानदेय मिलने का इंतजार करेंगे। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 18 अप्रैल 2026 तक मानदेय का भुगतान नहीं किया गया, तो सभी ग्राम रोजगार सहायक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
