डिंडौरी। जिले में शिक्षकों को राष्ट्रीय जनगणना 2027 के कार्य से मुक्त किए जाने की मांग तेज हो गई है। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के संभागीय अध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने इस संबंध में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया को पत्र लिखकर महत्वपूर्ण मांग रखी है।
— पत्र के मुताबिक
संभागीय अध्यक्ष ने अपने पत्र में आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग भोपाल के निर्देशों का संदर्भ देते हुए बताया कि आगामी टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की तैयारी में शिक्षक जुटे हुए हैं। ऐसे में जनगणना जैसे व्यापक और समय लेने वाले कार्य में उनकी ड्यूटी लगाने से परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो सकती है।
पत्र में उन्होंने सुझाव दिया है कि जनगणना कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सहायक, सचिव, पटवारी एवं अन्य विभागीय कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि शिक्षकों को इस जिम्मेदारी से मुक्त रखा जा सके।
राम कुमार गर्ग ने यह भी बताया कि इस मांग की प्रतिलिपि संभागायुक्त जबलपुर तथा एसडीएम डिंडौरी और बजाग को भी प्रेषित की गई है, जिससे इस मुद्दे पर शीघ्र निर्णय लिया जा सके। संयुक्त मोर्चा ने प्रशासन से शिक्षकों के हित में सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है, ताकि वे बिना किसी व्यवधान के टीईटी परीक्षा की तैयारी कर सकें।





