Dindori News : शासकीय भूमि पर अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

 

डिंडौरी। जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत ग्राम कंचनपुर में शासकीय भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामवासियों ने नायब तहसीलदार समनापुर को ज्ञापन सौंपकर खसरा नंबर 628 की भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के साथ-साथ उच्च न्यायालय की शरण लेने को मजबूर होंगे।

 

ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि ग्राम कंचनपुर निवासी बलराम पिता गुलवी परधान द्वारा वर्ष 2023 में शासकीय भूमि पर कब्जा कर खेती किए जाने की शिकायत पहले भी तहसील प्रशासन से की जा चुकी है। आरोप है कि खसरा नंबर 628 की लगभग 2.28 हेक्टेयर भूमि में से करीब 0.80 हेक्टेयर क्षेत्र में ग्राम पंचायत के स्व सहायता समूह द्वारा यूकेलिप्टिस के पौधे लगाए गए थे, लेकिन उक्त भूमि पर कब्जा कर लिया गया।

 

ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा भूमि पर दो झोपड़ियों का निर्माण भी कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार 8 अप्रैल 2026 को राजस्व अमले द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई थी, लेकिन अनावेदक द्वारा तीन दिन का समय मांगने के बाद भी अब तक झोपड़ियां नहीं हटाई गईं। इससे ग्रामीणों में प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।

 

आवेदन में यह भी मांग की गई है कि खसरा नंबर 628 में अन्य लोगों द्वारा किए गए कथित अवैध कब्जों की जांच कर सीमांकन कराया जाए। ग्रामीणों ने दयाराम यादव सहित अन्य लोगों के नाम का भी उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि उक्त शासकीय भूमि पर भविष्य में खेल मैदान निर्माण प्रस्तावित है। ऐसे में भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना जरूरी है ताकि गांव के बच्चों और युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि शासकीय भूमि को जल्द अतिक्रमण मुक्त कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में दोबारा कब्जे की घटनाएं न हों।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *