Dindori News : स्कूलों में शुरू हुआ ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग प्रशिक्षण, छात्रों को सिखाए जा रहे रोजगार के हुनर….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

डिंडौरी। जिले के विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवसा पोंडी में कक्षा 10वीं के व्यावसायिक पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों को ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (OJT) दी जा रही है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य उमेश कुमार झरिया एवं शिक्षकों की उपस्थिति में किया गया।

 

विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए नेवसा स्थित एक निजी कंप्यूटर संस्थान में 20 दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया है, जहां संस्था संचालक अखिलेश कुमार साहू द्वारा विद्यार्थियों को एमएस ऑफिस सहित कंप्यूटर से जुड़े विभिन्न कार्यों की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को ऑनलाइन कार्यों के माध्यम से रोजगार प्राप्त करने के तरीके भी बताए जा रहे हैं।

 

इसके साथ ही व्यावसायिक पाठ्यक्रम के अंतर्गत स्वयं का व्यापार शुरू कर आत्मनिर्भर बनने के लिए भी विद्यार्थियों को प्रेरित किया जा रहा है। छात्र-छात्राएं रुचि के साथ प्रशिक्षण में भाग लेकर तकनीकी एवं रोजगारपरक जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

 

80 घंटे का दिया जाएगा प्रशिक्षण

 

व्यावसायिक शिक्षक खुशबू साहू ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवसा पोंडी में व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थियों को आईटी विषय की पढ़ाई कराई जाती है। शासन द्वारा व्यावसायिक पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों के लिए 80 घंटे की ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग अनिवार्य की गई है।

 

इसी के तहत 1 मई से लगातार 20 दिनों तक कक्षा 10वीं के छात्र-छात्राओं को कार्य के साथ रोजगार कौशल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद किसी कंपनी में नौकरी प्राप्त करने या स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को आधार केंद्र में आधार कार्ड अपडेट करने सहित अन्य डिजिटल सेवाओं से जुड़े कार्यों की भी जानकारी दी जा रही है।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *