Crime News : एक हजार रुपये के विवाद में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली पति की साजिश…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

डिंडौरी के बड़ी बिछिया गांव की घटना, तिल्ली फटने और अंदरूनी रक्तस्राव से हुई मौत; आरोपी पति गिरफ्तार, भेजा गया जेल

 

डिंडौरी। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़ी बिछिया में महज एक हजार रुपये के विवाद ने एक महिला की जान ले ली। शुरुआत में मामला सामान्य मौत का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की गहन जांच में खुलासा हुआ कि महिला की मौत पति द्वारा की गई बेरहमी से मारपीट के कारण हुई थी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

 

पुलिस के अनुसार ग्राम बड़ी बिछिया निवासी रामकली बनवासी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने पर मामले की जांच की गई। जांच में सामने आया कि मृतका के बेटे सोनू बनवासी ने घर खर्च के लिए अपनी मां को एक हजार रुपये दिए थे। इसी रकम को लेकर रामकली और उसके पति पप्पू बनवासी के बीच विवाद हो गया।

 

बताया गया कि आरोपी पप्पू बनवासी रुपये मांग रहा था, लेकिन रामकली ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर 04 अगस्त 2026 की रात आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान रामकली को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत तिल्ली (स्प्लीन) फटने और अत्यधिक आंतरिक रक्तस्राव के कारण हुई। मेडिकल रिपोर्ट के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

 

कोतवाली पुलिस ने आरोपी पप्पू बनवासी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *