डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले की विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए, लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर देते हुए सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में नदी, नाले, कुएं और घाटों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। शहपुरा क्षेत्र के मालपुर ग्राम पंचायत में नर्मदा घाट की सफाई जनसहभागिता से कराने की बात कही गई। साथ ही जनपद पंचायत और ग्रामीण यांत्रिकी विभाग को निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण कर समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में शिक्षा और महिला बाल विकास विभाग को निर्देशित किया गया कि स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में मध्यान्ह भोजन और नाश्ते की व्यवस्था की पूरी जानकारी दो दिन के भीतर प्रस्तुत करें, साथ ही गुणवत्ता का प्रमाण पत्र भी दें।
कलेक्टर ने न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाब दाखिल करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे सब्जी उत्पादन के कार्यों की जियो टैग फोटो पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ मिल सके। पेयजल समस्या को लेकर कलेक्टर ने पीएचई, तहसीलदार और एसडीएम को निर्देशित किया कि अभावग्रस्त क्षेत्रों में तत्काल पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को परेशानी न हो।
आरईएस विभाग को जिले के सभी जल स्रोतों पर जल संचयन के लिए लगाए गए गेट का प्रमाण प्रस्तुत करने को कहा गया। साथ ही सभी शासकीय भवनों और घरों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग लगाने के निर्देश दिए गए, जिससे भूजल स्तर बनाए रखा जा सके। नगरपालिका को डिंडौरी और शहपुरा के डिवाइडरों की साफ-सफाई बनाए रखने और अनावश्यक बैनर हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण रखा जा सके।
कलेक्टर ने आगामी जनगणना 2027 को गंभीरता से लेते हुए सभी अधिकारियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि इस दौरान किसी को अवकाश नहीं दिया जाएगा। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए गए। वहीं मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रमों की तिथियां घोषित की गईं—20 अप्रैल को बजाग, 28 अप्रैल को डिंडौरी, 7 मई को शहपुरा और 14 मई को अमरपुर में आयोजन होगा।
बैठक में राजस्व प्रकरण, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम जनमन योजना, ई-केवाईसी, समग्र आईडी और अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर जेपी यादव, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
