डिंडौरी। नई दिल्ली में आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय डिंडौरी में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर प्रधानमंत्री के विचारों को सुना।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को समर्पित एक बड़े और ऐतिहासिक फैसले का संकेत देते हुए कहा कि देश 21वीं सदी के सबसे महत्वपूर्ण निर्णयों में से एक लेने जा रहा है, जो नारी शक्ति को समर्पित होगा और भारत के भविष्य को नई दिशा देगा। उन्होंने अपने उद्बोधन की शुरुआत देशवासियों को बैसाखी और नववर्ष की शुभकामनाएं देकर की तथा जलियांवाला बाग हत्याकांड के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की विकास यात्रा के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर लिया जाने वाला निर्णय महिलाओं की भागीदारी को और सशक्त करेगा तथा लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि संसद एक नया इतिहास रचने के करीब है, जहां सामाजिक न्याय केवल नारा नहीं बल्कि कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनेगा।
प्रधानमंत्री ने जानकारी दी कि 16, 17 और 18 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2023 में नई संसद में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के रूप में पहला कदम उठाया गया था और अब उसे प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल देश की करोड़ों माताओं-बहनों के आशीर्वाद से लोकतांत्रिक ढांचे को और मजबूत करेगी।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं को आरक्षण देने की आवश्यकता दशकों से महसूस की जा रही थी और इस दिशा में सभी दलों के सामूहिक प्रयास रहे हैं। पीएम ने विश्वास जताया कि इस बार भी संवाद, सहयोग और सहभागिता से यह ऐतिहासिक कार्य पूर्ण होगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम, पूर्व जिला अध्यक्ष अवध राज बिलैया, जिला महामंत्री सुधीर दत्त तिवारी, जिला उपाध्यक्ष महेश धूमकेती, मंडल अध्यक्ष आशीष वैश्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री सपना जैन ने किया तथा आभार नगर परिषद उपाध्यक्ष सारिका नायक ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला मंत्री नरमादिया मरकाम, पूर्व जिला मंत्री कीर्ति गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य हीरा परस्ते, महिला मोर्चा जिला कार्यालय मंत्री मिथिलेश मिश्रा, जनपद अध्यक्ष आशा सिंह धुर्वे, पार्षद स्मिता बर्मन, दीपिका भारद्वाज, सुनीता कुशराम, चंपा मरावी, जयंती धुर्वे, रुक्मणी परस्ते, सीमा मरावी, पुष्पा धुर्वे सहित बड़ी संख्या में मातृशक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
