— कलेक्टर का औचक निरीक्षण, जल संरक्षण कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश
डिंडौरी। जिले में जल संरक्षण को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत औरई का औचक निरीक्षण कर साफ निर्देश दिए कि सभी प्रधानमंत्री आवासों में जनभागीदारी से रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और शोक पिट अनिवार्य रूप से बनाए जाएं।
यह निरीक्षण जल गंगा संवर्धन अभियान और जल संचय जन भागीदारी अभियान के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा के लिए किया गया। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, परियोजना अधिकारी मनरेगा प्रदीप कुमार शुक्ल, सहित तकनीकी अमला और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कलेक्टर ने पंचायत भवन, एकीकृत माध्यमिक शाला औरई और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही जागेश्वर के यहां निर्माणाधीन रूफ वाटर हार्वेस्टिंग कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने सचिव और उपयंत्री को निर्देश दिए कि सभी कार्यों की प्रगति जल संचय जनभागीदारी पोर्टल पर फोटो सहित अपलोड की जाए, ताकि पारदर्शिता और मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एकीकृत माध्यमिक शाला में कक्षा 1 के बच्चों से संवाद भी किया। छात्रा यशोदा ने अंग्रेजी पाठ और बारहखड़ी सुनाकर सभी को प्रभावित किया। कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का जायजा लेते हुए निर्देश दिए कि तय समय और निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही बच्चों को भोजन दिया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जल संरक्षण के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनभागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जाएगा।





