मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रतलाम द्वारा शासकीय स्कूलों में बढ़ते “बर्थडे कल्चर” पर रोक लगाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में 9 अप्रैल 2026 को जारी आदेश में सभी शासकीय उच्च माध्यमिक एवं हाई स्कूलों के प्राचार्यों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि विद्यालय समय के दौरान इस प्रकार की गैर-शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन न किया जाए।
जारी पत्र के अनुसार, कमलेश्वर डोडियार द्वारा इस मुद्दे को उठाया गया था। उनके आवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया था कि स्कूल समय में स्टाफ द्वारा जन्मदिन जैसे आयोजनों के कारण शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है।
पत्र में यह भी बताया गया है कि शासकीय विद्यालयों में अधिकांश विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आते हैं। ऐसे में इस प्रकार की गतिविधियों का छात्रों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है और शिक्षा का माहौल प्रभावित होता है। जिला शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि विद्यालयों में किसी भी प्रकार का “बर्थडे सेलिब्रेशन” या अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित न किए जाएं, ताकि पढ़ाई का समय बाधित न हो। सभी प्राचार्यों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। इस आदेश की प्रतिलिपि कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी सूचनार्थ भेजी गई है। देखें आदेश…

