— साढ़े तीन करोड़ मंजूर, फिर भी नहीं बनी सड़क; वन भूमि में अटका निर्माण, सालों की अनदेखी से टूटा सब्र—उमरिया से कुटेली दादर के ग्रामीणों का फूटा आक्रोश
डिंडौरी। जिले के करंजिया जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत उमरिया के कुटेली दादर में सड़क निर्माण में हो रही देरी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। नाराज ग्रामीणों ने जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाईवे 45 को रुषा के पास जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि उमरिया से कुटेली दादर तक करीब 4 किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के कारण अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। इसी लापरवाही के विरोध में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार, जन मन योजना के तहत लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है, लेकिन मार्ग का कुछ हिस्सा वन विभाग की जमीन में आने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इस वजह से योजना अधर में लटकी हुई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन के लिए यह स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है और अब देखना होगा कि समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
