— जल संकट पर युवा कांग्रेस सख्त, नगर परिषद को सौंपा ज्ञापन
डिंडौरी। जिले गर्मी के मौसम में संभावित जल संकट को देखते हुए युवा कांग्रेस जिला डिंडौरी के जिला अध्यक्ष अमन पाठक ने नगर परिषद शहपुरा के मुख्य नगरपालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की है। ज्ञापन में नगर की जल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार हेतु कई महत्वपूर्ण बिंदु उठाए गए हैं।
ज्ञापन के अनुसार नगर के विभिन्न वार्डों में जगह-जगह पाइप लाइन फूटी हुई है, जिससे पानी की भारी बर्बादी हो रही है। इसे तत्काल सुधारने की मांग की गई है। साथ ही जल संकट से निपटने के लिए नगर परिषद के टैंकर सहित अन्य संसाधनों को समय रहते व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया है।
फिल्टर प्लांट में फिटकरी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और नियमित साफ-सफाई कराने की बात भी कही गई है। इसके अलावा मोटर पंपों की मरम्मत और अतिरिक्त मोटरों की व्यवस्था करने की मांग रखी गई है, ताकि जल आपूर्ति बाधित न हो।
मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ तथा सार्वजनिक नलों की व्यवस्था बढ़ाने और नई जल योजना के अंतर्गत नगर में दो समय नलों से जल प्रदाय शुरू करने का सुझाव भी दिया गया है। युवा कांग्रेस ने प्रशासन से आग्रह किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी गई है।





