डिंडौरी। रामनवमी के पावन अवसर पर डिंडौरी नगर में 27 मार्च 2026 को भव्य एवं विशाल शोभा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे नगर में उत्साह का वातावरण है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। आयोजन की जिम्मेदारी विश्व हिंदू परिषद डिंडौरी द्वारा संभाली जा रही है।
आयोजन समिति के अनुसार शोभा यात्रा प्रातः 11 बजे श्री सिद्ध हनुमान टेकरी से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शारदा टेकरी में संपन्न होगी। यात्रा के दौरान भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी की आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। इसके साथ ही भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।
यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्वागत मंच बनाए जा रहे हैं, जहां श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया जाएगा। कई सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा जलपान एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की जा रही है। आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए युवाओं की टीमें सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटी हुई हैं।
आयोजकों ने बताया कि इस शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, जिसे देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए प्रशासन से भी सहयोग लिया जा रहा है। नगर परिषद एवं पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। विश्व हिंदू परिषद डिंडौरी ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं और मर्यादा व अनुशासन का पालन करें।





