— मकान सूचीकरण और HLB गठन की प्रक्रिया समझाई, CMMS पोर्टल पर नक्शा बनाने का दिया गया प्रशिक्षण….
डिंडौरी। आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर विकासखंड बजाग में रविवार को सुपरवाइजर और पटवारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी डिंडौरी के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय जनगणना अधिकारी रामबाबू देवांगन के निर्देशन में तहसील भवन बजाग के सभागार में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) के अंतर्गत मकान सूचीकरण ब्लॉक (HLB) के गठन से जुड़ी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। तहसील बजाग के अंतर्गत आने वाले करंजिया और बजाग क्षेत्र के सभी राजस्व निरीक्षक (आरआई) और पटवारी/सुपरवाइजर इसमें शामिल हुए।
सहायक प्रबंधक ई-गवर्नेंस भरत अग्रवाल ने प्रशिक्षण के दौरान HLB के निर्माण, मकान सूचीकरण की प्रक्रिया तथा CMMS पोर्टल पर HLB का नक्शा तैयार करने की पूरी तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य को सटीक और व्यवस्थित बनाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जा रहा है।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रामबाबू देवांगन, तहसीलदार भरत सिंह बट्टे, नायब तहसीलदार आशुतोष मिश्र सहित राजस्व विभाग के आरआई और पटवारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रशिक्षण में शामिल कर्मचारियों से जनगणना कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने की अपील की।




