Dindori News : पिकअप गाड़ी के पैसों को लेकर विवाद, युवक के घर पहुंचकर गाली-गलौच – समनापुर थाने में शिकायत….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

गाड़ी बेची, पैसा नहीं मिला! पिकअप के पैसों को लेकर बढ़ा विवाद, पुलिस की शरण में पहुंचा युवक

डिंडौरी। जिले के समनापुर थाना क्षेत्र में पिकअप गाड़ी के लेन-देन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने थाने में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने गाड़ी में पैसा लगाने का दावा करते हुए उसके घर पहुंचकर गाली-गलौच की और पैसे की मांग करते हुए विवाद किया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम नान डिंडौरी निवासी रामभजन पिता गणेश प्रसाद राठौर (29 वर्ष) ने समनापुर थाना में दिए आवेदन में बताया कि 13 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1 बजे भवानी ढाबा निवासी गोलू और झांकी निवासी उसका एक साथी उसके घर पहुंचे। दोनों ने पिकअप गाड़ी में करीब 70 हजार रुपये लगाए जाने का दावा करते हुए पैसे वापस करने की मांग की और इस दौरान गाली-गलौच करने लगे।

 

 

आवेदन में उल्लेख है कि पिकअप गाड़ी को लेकर पहले आपसी लेन-देन हुआ था। आरोपी पक्ष ने गाड़ी कुछ समय तक चलाई भी, लेकिन गाड़ी की लगभग 17,500 रुपये की किस्त जमा नहीं की। जब किस्त और बकाया राशि की मांग की गई तो विवाद की स्थिति बन गई।

 

 

पीड़ित ने अपने आवेदन में बताया कि उसने उक्त पिकअप गाड़ी करीब 80 हजार रुपये में बेची थी, लेकिन अब तक पूरा भुगतान नहीं किया गया है। इस मामले में बिनोद कुमार परस्ते और मंजु सिंह ठाकुर को गवाह बताया गया है और पुलिस से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है। इस संबंध में समनापुर थाना पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान लेकर तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *