— महिला दिवस और रंग पंचमी पर कलेक्टर ने बच्चों संग मनाया होली महोत्सव, मिठाई और पानी की बोतलें बांटी
डिंडौरी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं रंग पंचमी होली महोत्सव के अवसर पर कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया ने कक्षा 1 से 5 तक की कन्या आश्रम इंग्लिश मीडियम छात्रावास पहुंचकर बच्चों के साथ उत्सव मनाया। इस दौरान कलेक्टर ने बच्चों और स्टाफ के साथ हर्षोल्लास के साथ रंग पंचमी का होली महोत्सव मनाया। कलेक्टर ने छोटे-छोटे बच्चों को रंग-गुलाल लगाकर उनसे आत्मीय मुलाकात की। बच्चों ने भी एक-दूसरे को रंग लगाकर खुशियां साझा कीं और उत्साह के साथ नृत्य कर पर्व का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने सभी बच्चों को मिठाई वितरित की और प्रत्येक बच्चे को एक-एक पानी की बोतल भी भेंट की, ताकि वे स्कूल जाते समय अपने साथ पानी ले जा सकें।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कलेक्टर ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं देश-विदेश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और योग्यता का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कलेक्टर ने कहा कि आप सभी पढ़ाई में ध्यान दें और अपने माता-पिता के साथ-साथ जिले और देश का नाम रोशन करें। इस अवसर पर जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार जाटव, जिला परियोजना समन्वयक श्वेता अग्रवाल, जनसंपर्क अधिकारी चेतराम अहिरवार, छात्रावास वार्डन वंदना करचाम सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।




