— अमरपुर–रामगढ़ में औचक निरीक्षण, मरम्मत व सौंदर्यीकरण के दिए निर्देश
डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने शनिवार को विकासखंड अमरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत रामगढ़, अमरपुर सहित अन्य ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत रामगढ़ में स्थित रानी अवंतीबाई किला एवं पार्क को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर स्वयं प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचीं। पार्क परिसर में ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर साफ-सफाई, पेयजल, बाउंड्री वॉल, गेट मरम्मत, पौधों के संरक्षण, मंदिर एवं परिसर की पुताई जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
ग्रामीणों द्वारा पार्क के संचालन को हैंडओवर किए जाने की मांग पर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पार्क शासकीय संपत्ति है, इसे किसी व्यक्ति या समूह को सौंपना कानूनन उचित नहीं है। पार्क की देखरेख एवं संचालन की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत को ही निभानी होगी।
चौपाल में ग्रामीणों ने पार्क के गेट, दीवार व बाउंड्री टूटने और पानी की पाइपलाइन व नलों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सचिव सुनील ठाकुर एवं सरपंच वंदना ठाकुर को 15वें वित्त आयोग मद से मरम्मत कार्य कराते हुए पार्क के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। पार्क की सुरक्षा के लिए चौकीदार की आवश्यकता पर शील मेंहदेले द्वारा चौकीदार की मासिक मजदूरी स्वयं वहन करने की सहमति दी गई।
निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित नवीन सामुदायिक भवन की भूमि पार्क परिसर के समीप समतल किए जाने पर कलेक्टर ने आपत्ति जताई और निर्देश दिए कि पार्क की सुंदरता प्रभावित न हो, इसके लिए भवन का निर्माण किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर किया जाए। एसडीओ आरईएस, इंजीनियर एवं सरपंच को निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने ग्राम पंचायत अमरपुर में प्रस्तावित नवीन सामुदायिक भवन स्थल का निरीक्षण किया और सचिव व इंजीनियर को निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा ऋतु से पूर्व भवन तैयार हो सके। निरीक्षण एवं चौपाल के दौरान सरपंच वंदना ठाकुर, सचिव सुशील ठाकुर, महेंद्र ठाकुर, गजराज सिंह मेंहदेले, अंजलि वर्मन, तहसीलदार शशांक शेंडे, एसडीएम भारती मेरावी, यंत्री, सहायक यंत्री सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सोर्स:— जनसम्पर्क विभाग डिंडौरी।
