— पद रिक्त कर प्रशासन ने किया चुनाव की तैयारी करंजिया में 27 फरवरी को होगा मतदान
डिंडौरी। जनपद पंचायत करंजिया में अध्यक्ष पद का निर्वाचन अब निश्चित हो गया है। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग, भोपाल ने निर्वाचन प्रक्रिया की सफलता सुनिश्चित करने के लिए गोविंद सिंह चौहान (रा.से., सेवानिवृत्त) को प्रेक्षक नियुक्त किया है। जिला प्रशासन से अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बजाग रामबाबू देवांगन को पीठासीन अधिकारी बनाया गया है। निर्वाचन 27 फरवरी 2026, शुक्रवार को आयोजित होगा।
निर्वाचन के दौरान प्रशासन ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की है। मतदाताओं और जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की गई है ताकि प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
— पद रिक्त होने की पृष्ठभूमि
दरअसल करंजिया अध्यक्ष चरण सिंह धुर्वे के लगातार अनुपस्थित रहने और विकास कार्यों में बाधा डालने के कारण कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अंजू पवन भदौरिया ने उनका पद रिक्त घोषित किया। यह निर्णय मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 की धारा 36(2)(ग) के तहत लिया गया। चरण सिंह धुर्वे 13 फरवरी, 12 मार्च, 9 अप्रैल, 10 जून, 29 जुलाई और 15 अक्टूबर 2025 को आयोजित छह बैठकों में अनुपस्थित रहे। उनकी गैरहाजिरी से पंचायत के निर्णय और विकास कार्य प्रभावित हुए।
अधिवक्ता ने तर्क दिया कि 10 जनवरी 2025 को पारित जिला बदर आदेश के कारण वे उपस्थित नहीं हो सके और 13 जनवरी 2025 को उपाध्यक्ष को अधिकृत कर दिया। लेकिन प्रशासन और थाना करंजिया से प्राप्त रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि आदेश लागू नहीं हुआ और आरोपी फरार रहा। इसलिए तर्क स्वीकार नहीं किया गया।
पुलिस अधीक्षक डिंडौरी ने बताया कि चरण सिंह धुर्वे के खिलाफ वर्ष 2002 से अब तक 21 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उनकी गतिविधियों को शांति भंग करने और अवैध वसूली जैसी घटनाओं से जोड़ा गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि अध्यक्ष की अनुपस्थिति के कारण 15वें वित्त आयोग की राशि की समीक्षा बाधित हुई और क्षेत्रीय विकास कार्य प्रभावित हुए।
सभी पक्षों के तर्क और दस्तावेजों की समीक्षा के बाद कलेक्टर न्यायालय ने निष्कर्ष निकाला कि चरण सिंह धुर्वे का अध्यक्ष पद पर बने रहना जनहित में नहीं है, इसलिए 09 फरवरी 2026 को उनका पद रिक्त घोषित किया गया। इस निर्णय से करंजिया क्षेत्र में प्रशासनिक प्रक्रिया और विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
