— एकलव्य से विक्रम पुरस्कार तक आवेदन आमंत्रित, खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मिलेगा सम्मान
डिंडौरी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 के खेल पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं पात्र अभ्यर्थी 10 जून 2026 से 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
दरअसल विभाग के अनुसार नवीन पुरस्कार नियम-2021 के अंतर्गत इस वर्ष एकलव्य पुरस्कार, विक्रम पुरस्कार, विश्वामित्र पुरस्कार, प्रभाष जोशी पुरस्कार एवं लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कारों के लिए चयन विगत पांच वर्षों अर्थात 1 अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2026 के बीच अर्जित खेल उपलब्धियों के आधार पर किया जाएगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने बताया कि पारंपरिक खेलों के साथ-साथ साहसिक खेलों (समुद्र, भूमि एवं वायु आधारित) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी भी विक्रम एवं एकलव्य पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं। विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार पात्रता, पुरस्कार राशि और अन्य आवश्यक शर्तों की विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट anudan.dsywmp.gov.in पर उपलब्ध है। आवेदन विभागीय पोर्टल या मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन किए जा सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को पंजीयन क्रमांक सहित आवेदन पत्र की प्रति तथा खेल प्रमाण-पत्रों एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां संबंधित जिले के जिला खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय अथवा टी.टी. नगर स्टेडियम स्थित संचालनालय में 31 जुलाई 2026 तक जमा करना अनिवार्य होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। ऐसे में पात्र खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है।




