Dindori News : बच्चों की राह में घटिया सीसी सड़क निर्माण, शिकायत दबाने का आरोप—सीएम राइज स्कूल मार्ग पर बवाल…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जिले में लोक निर्माण विभाग द्वारा धनुवासागर मुख्य मार्ग से सीएम राइज स्कूल तक निर्मित सीसी सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जनपद पंचायत डिंडौरी क्षेत्र क्रमांक 17 के जनपद सदस्य संतोष सिंह चंदेल ने जनसुनवाई में कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपते हुए सड़क निर्माण में भारी अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं।

जनपद सदस्य का कहना है कि निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़क की गिट्टी उखड़कर धूल में तब्दील हो रही है। साथ ही सड़क के दोनों ओर मिट्टी-मुरूम का साइड सोल्डर कार्य नहीं किया गया, जो तकनीकी मानकों का उल्लंघन है। यह मार्ग स्कूल जाने वाले बच्चों और किसानों के लिए प्रमुख आवागमन मार्ग है, जिससे खराब सड़क के कारण विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।

घटिया निर्माण को लेकर सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत को बिना स्थल निरीक्षण और जांच के फोर्स क्लोज किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। जनपद सदस्य ने इसे मुख्यमंत्री की जनहितकारी योजनाओं की छवि धूमिल करने वाला कदम बताया है। शिकायत के बाद संबंधित एसडीओ पर फोन काटने और दुर्व्यवहार करने के आरोप भी लगाए गए हैं। वहीं, कार्यपालन यंत्री एम.एस. धुर्वे ने सड़क को गुणवत्ता युक्त बताते हुए कहा कि सड़क परफॉर्मेंस गारंटी में है और आवश्यकता होने पर मरम्मत कराई जाएगी।

जनपद सदस्य ने कलेक्टर से मांग की है कि सड़क निर्माण की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए, सीएम हेल्पलाइन में गलत प्रतिवेदन देने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई हो तथा सड़क का मानक अनुसार सुधार या पुनर्निर्माण कराया जाए। मामला अब केवल सड़क तक सीमित न रहकर प्रशासनिक जवाबदेही से भी जुड़ गया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *