Mp News: ग्रामीण स्कूलों के शौचालय अब ‘वॉश ऑन व्हील’ से होंगे साफ, लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देश जारी….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

भोपाल। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश ने प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थाओं के शौचालयों की नियमित साफ-सफाई के लिए “स्वच्छता साथी–वॉश ऑन व्हील (SS-WOW)” सेवा के उपयोग के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में संचालक लोक शिक्षण डी.एस. कुशवाह ने समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर संस्था प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा है।

जारी आदेश के अनुसार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा शुरू की गई यह ऑनलाइन सेवा मांग-आधारित है, जिसके तहत मोबाइल एप के माध्यम से घरेलू व संस्थागत शौचालयों की सफाई कराई जा सकती है। ग्रामीण क्षेत्रों में संस्थागत शौचालयों की सफाई के लिए मात्र 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान संस्था में उपलब्ध राशि से किया जाएगा।

प्रदेश में इस नवाचार के तहत अब तक 1300 से अधिक स्वच्छता साथियों को चिन्हित किया गया है, जिनमें से 1185 को पोर्टल पर ऑनबोर्ड किया जा चुका है। साथ ही 27,132 ग्रामों को मैप कर 1301 क्लस्टर बनाए गए हैं। “वॉश ऑन व्हील (SS-WOW)” सेवा का लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा 1 नवंबर 2025 को मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस पर किया गया था।

विभाग द्वारा जारी आदेश
— विभाग द्वारा जारी आदेश

लोक शिक्षण संचालनालय ने निर्देश दिए हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सभी संस्थाएं शौचालयों की सफाई इसी सेवा के माध्यम से कराएं। सभी प्राचार्य स्वच्छता साथी एप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कर स्वयं इसका उपयोग कर सकते हैं। किए गए भुगतान का समुचित रिकॉर्ड संधारित करने और विद्यालय शौचालयों को स्वच्छ बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *