डिंडौरी। कलेक्टर सभाकक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मौतों की दर में कमी लाना था। बैठक में शहर के कट पॉइंट्स पर रम्बल स्ट्रिप लगाने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा सुधार, सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों के प्रबंधन, अतिक्रमण हटाने और चौपाटी के लिए उचित स्थान निर्धारण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समयबद्ध रूप से सभी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, दुर्घटनाओं की त्वरित सूचना एवं उपचार व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा नियमों के कड़ाई से पालन पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा एक सामूहिक दायित्व है, जिसमें सभी विभागों और आम नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है।
कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट मुख्य मार्ग से पुलिस लाइन जाने वाले रोड की मरम्मत के लिए नगर परिषद और लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया। साथ ही डिंडौरी और शहपुरा के मैन चौराहों पर रैबिज बोर्ड लगाने, सड़क किनारे सब्जी दुकानें नहीं लगाने और नर्मदा जयंती पर डीजे और भंडारे केवल समुचित स्थानों पर आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, सभी SDM, डिप्टी कलेक्टर, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग, विद्युत मंडल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, तहसीलदार, जिला परिवहन अधिकारी, यातायात प्रभारी, प्रबंधक म.प्र. सड़क विकास प्राधिकरण, प्रबंधक प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना और मुख्य नगर पालिका अधिकारी डिंडौरी एवं शहपुरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




