— बिरसा मुंडा के जीवन चरित्र पर आधारित प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया उत्साह
डिंडौरी। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शासकीय हाई स्कूल मुडकी में विविध सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता संग्राम के महान जननायक भगवान बिरसा मुंडा के जीवन चरित्र पर आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत खेल प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सभी गतिविधियों में बच्चों ने अपनी प्रतिभा और सृजनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल रहा। प्रभारी प्राचार्य सुनीता नामदेव के मार्गदर्शन में आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिक्षिकाएँ लक्ष्मी सैयाम, माया धुर्वे, अभिलाषा साहू, तथा शिक्षक दिनेश निरिया, मोहम्मद शकील मंसूरी एवं सोनाली पांडे की विशेष उपस्थिति रही। विद्यालय परिवार ने इस अवसर पर बिरसा मुंडा के योगदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।





