डिंडौरी। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों के लिए लागू की गई EHRMS ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली को लेकर शिक्षकों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। शासकीय शिक्षक संगठन के जिला अध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि डिंडौरी जिले में यह व्यवस्था पूरी तरह अव्यावहारिक साबित हो रही है। गर्ग ने कहा कि जिले के अधिकांश विद्यालय नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में स्थित हैं, जिससे ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराना संभव नहीं हो पाता। वहीं, बिजली गुल रहने से मोबाइल चार्ज नहीं हो पाते, जिससे शिक्षकों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
शिक्षक संगठन ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सरकार से आग्रह किया है कि बिना पूर्ण तैयारी के इस प्रणाली को लागू करना शिक्षकों के साथ अन्याय है। संगठन ने यह भी कहा कि शिक्षक अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह पूरी ईमानदारी और निष्ठा से कर रहे हैं। गर्ग ने बताया कि डिंडौरी जिले के शिक्षकों ने 90 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति दर्ज कर अपनी जवाबदेही और नैतिकता का परिचय दिया है। इसलिए सरकार को चाहिए कि फिलहाल ऑफलाइन उपस्थिति प्रणाली को ही मान्य रखते हुए आगे की प्रक्रिया अपनाई जाए।






