— गिट्टी और मुरुम के अवैध उत्खनन—परिवहन पर के मामलों में कार्रवाई, प्रकरण कलेक्टर न्यायालय में होंगे प्रस्तुत
डिंडौरी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में खनिज विभाग द्वारा 5 जून 2026 को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त दो ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया गया।
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सागरटोला, तहसील बजाग अंतर्गत थाना गाड़ासरई क्षेत्र में एक सोनालिका ट्रैक्टर (बिना नंबर) को खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन चालक तीजा सिंह परस्ते, पिता पर्वत सिंह, निवासी बरगांव तहसील बजाग के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर थाना गाड़ासरई में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है।
इसी प्रकार जॉन डीयर ट्रैक्टर क्रमांक MP18AB5450 को खनिज मुरुम का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए पाए जाने पर जब्त किया गया। वाहन चालक नंदकिशोर, निवासी ओरई माल, तहसील डिंडौरी के विरुद्ध भी खनिज नियमों के तहत कार्रवाई की गई तथा वाहन को थाना कोतवाली डिंडौरी में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि दोनों मामलों में खनिज नियमों के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद प्रकरण न्यायालय कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध आगे भी सघन जांच एवं कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




