Dindori News : भगनवारा में अहीरी नृत्य एवं यादव सम्मेलन संपन्न, समाज की एकता और संस्कृति की झलक….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। विकासखंड अमरपुर के ग्राम भगनवारा में दीपावली के पावन अवसर पर अहीर महासभा जिला डिंडौरी द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले अहीरी नृत्य एवं यादव सम्मेलन का आयोजन इस वर्ष भी अत्यंत हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ किया गया। आयोजन की कमान जिला अध्यक्ष रोहित यादव के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में रही। जिले के सातों विकासखंडों से यादव समाज के सैकड़ों लोगों ने एकत्र होकर इस सांस्कृतिक पर्व को समाज की एकता और परंपरा के प्रतीक के रूप में मनाया।

कार्यक्रम में हुई अहीरी नृत्य प्रतियोगिता में ग्राम भगनवारा, माड़ागौर, साल्हेघोरी, समनापुर (गंगुटोला), समरधा, लखनपुर (भानपुर) और मानपुर की नृत्य मंडलियों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। पारंपरिक ढोलक और झांझ की थाप पर थिरकते नर्तक-नर्तकियों ने समाज की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। प्रतियोगिता में ग्राम लखनपुर की नृत्य मंडली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। सभी नृत्य मंडलियों को प्रोत्साहन राशि और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में जिला रोहित यादव उपस्थित रहे। उनके साथ ब्लॉक अध्यक्ष समनापुर भारत यादव, ब्लॉक अध्यक्ष अमरपुर रामकुमार यादव, मंडल अध्यक्ष शाहपुर प्रसादी लाल यादव, जिला सदस्यगण कैलाश यादव, मुरारी लाल यादव, सूरज यादव तथा जिला सचिवगण राजा राम यादव और रामचंद्र यादव मंचासीन रहे। कार्यक्रम में भानपुर से समाजसेवी श्रीमान राजेश यादव सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति रही। अमरपुर क्षेत्र में आयोजित यह वार्षिक आयोजन न केवल दीपावली के पर्व की शोभा बढ़ाता है, बल्कि समाज की सांस्कृतिक जड़ों को भी सुदृढ़ करता है। समाजबंधुओं के सहयोग से संपन्न यह कार्यक्रम आपसी एकता, संगठन और परंपरा का प्रतीक बनकर यादगार साबित हुआ

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *