Dindori News : शहीदों की अमर गाथा को किया नमन — डिंडौरी में भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी । पुलिस लाइन डिंडौरी में शनिवार को शहीद स्मृति दिवस के अवसर पर एक गरिमामय एवं भावनापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश एवं प्रदेश की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा सहित पुलिस विभाग के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारीगण एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर की गई। इसके पश्चात दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात शहीद स्मृति दिवस परेड का आयोजन हुआ, जिसका नेतृत्व प्रभारी रक्षित निरीक्षक कुँवर सिंह ओलाड़ी द्वारा किया गया। परेड में पुलिस जवानों ने अनुशासन और समर्पण की उत्कृष्ट मिसाल प्रस्तुत की। इस अवसर पर शहीदों के परिजन भी उपस्थित रहे, जिन्हें पुलिस विभाग की ओर से शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे समारोह के दौरान वातावरण भावनात्मक और गर्व से परिपूर्ण रहा।

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि शहीद हमारे समाज की अमर धरोहर हैं। उन्होंने देश की सुरक्षा और जनता की सेवा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने कार्यों में निष्ठा और समर्पण का भाव बनाए रखना चाहिए। पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह ने अपने संबोधन में कहा — शहीद हमारे राष्ट्र की प्रेरणा हैं। उनका बलिदान हमें कर्तव्यनिष्ठा, सेवा और समर्पण की सीख देता है। विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा पुलिस के शहीद हमारे देश की शौर्यगाथा के प्रतीक हैं। उनका योगदान सदैव अमर रहेगा। समारोह के अंत में सभी अधिकारियों एवं पुलिस जवानों ने शहीदों के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *