Dindori News : कलेक्टर भदौरिया ने मां नर्मदा से की जिले की खुशहाली की कामना, सफाई कर्मियों संग मनाई दीपावली….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। दीपावली पर्व के शुभ अवसर पर जिले की कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया सोमवार की शाम मां नर्मदा के पावन तट पर पहुंचीं। उन्होंने श्रद्धा और आस्था के साथ दीप प्रज्वलित कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान कलेक्टर भदौरिया ने मां नर्मदा स्वर्ण मंदिर में पूजा-अर्चना की और जिले के कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने घाट परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं, माताओं एवं नगर के सफाईकर्मी भाइयों-बहनों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने मिठाइयां वितरण कर सभी के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।

कलेक्टर भदौरिया ने विशेष रूप से सड़क किनारे बैठे नि:सहाय व्यक्तियों को भी मिठाइयां बांटीं और उनके चेहरों पर मुस्कान लाई। मां नर्मदा की आराधना के बाद उन्होंने नगर परिषद के सफाई कर्मियों से भेंट की और स्वच्छता व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा जनसुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली।

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि दीपावली का पर्व स्वच्छता, उजाला और सकारात्मकता का प्रतीक है। नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नगर परिषद के कर्मचारियों को उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया और बेहतर स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *