डिंडौरी । कलेक्टर निर्देशानुसार पर जिले भर जिले में घरेलू LPG सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग पर कड़ी कार्रवाई की गई। खाद्य विभाग की टीम ने जिले के प्रमुख प्रतिष्ठानों में अचानक निरीक्षण कर कुल दस घरेलू सिलेंडर जब्त किए। इस कार्रवाई का नेतृत्व सहायक आपूर्ति अधिकारी शमीम ख़ान और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आकाश तुरकर ने किया।
टीम ने सबसे पहले पुरानी डिंडौरी तिराहा स्थित माँ रेवा होटल में निरीक्षण किया, जहां पांच घरेलू उपयोग के LPG सिलेंडर व्यावसायिक रूप से उपयोग किए जा रहे पाए गए। इसके बाद नकुल होटल में तीन और मोले भोजनालय, बस स्टैंड डिंडोरी से दो घरेलू सिलेंडर जप्त किए गए। सभी जप्त सिलेंडरों को तुरंत डिंडौरी इनडेन गैस एजेंसी के सुपुर्द किया गया।
प्रशासन ने बताया कि यह कार्रवाई द्रविकृत पेट्रोलियम गैस प्रदाय एवं वितरण विनिमय आदेश 2000 के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ की गई है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि घरेलू LPG का व्यावसायिक उपयोग गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में किसी को भी कानूनी ढिलाई नहीं दी जाएगी।
डिंडौरी प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि जिले में LPG की घरेलू आपूर्ति को सुरक्षित और नियमों के तहत बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में किसी भी प्रकार के अनियमित उपयोग पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




