— जिओ-इन्वेंट्री और कार्य प्रारंभ की समय सीमा 5 मार्च से 31 मार्च तक तय
डिंडौरी। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए “सुगम संपर्कता परियोजना” के क्रियान्वयन हेतु जिला प्रशासन ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में कलेक्टर (जिला पंचायत) डिंडौरी द्वारा पत्र जारी कर जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई है।
जारी निर्देशों के अनुसार ग्राम पंचायतों और मुख्यमंत्री मजराटोला योजना के अंतर्गत चिन्हित 100 से अधिक जनसंख्या वाले मजरेटोलों को दोहरी सड़क संपर्कता उपलब्ध कराने के लिए नई सड़कों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा संदीपनी विद्यालयों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए भी सड़क निर्माण किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन सड़कों का निर्माण पहले से अन्य योजनाओं के तहत स्वीकृत या निर्माणाधीन है, उन्हें इस परियोजना में शामिल नहीं किया जाएगा। इनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV, 15वां व 5वां वित्त, सांसद निधि, विधायक निधि, बस्ती विकास योजना, धरती आबा योजना, डीएमएफ मद और मुख्यमंत्री मजराटोला सड़क योजना जैसी योजनाएं शामिल हैं।
परियोजना के अंतर्गत सड़कों के चिन्हांकन, परीक्षण, स्वीकृति और कार्य प्रारंभ के लिए समयसीमा भी तय की गई है। उपयंत्री द्वारा स्थल चयन के बाद सहायक यंत्री सत्यापन करेंगे तथा कार्यपालन यंत्री द्वारा परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद डीपीआर तैयार कर तकनीकी व प्रशासकीय स्वीकृति दी जाएगी।
जिला प्रशासन के अनुसार 5 मार्च से 31 मार्च 2026 तक निर्धारित समयसीमा में जिओ-इन्वेंट्री तैयार कर सड़कों का परीक्षण किया जाएगा और स्वीकृति मिलने के बाद कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा का तकनीकी मार्गदर्शन लिया जाएगा। कलेक्टर कार्यालय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परियोजना के क्रियान्वयन में निर्धारित समयसीमा का पालन करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्कता बेहतर हो सके।




