— अब नहीं चलेगी मनमानी : कलेक्टर ने नगर परिषद को दिए सख्त निर्देश, शहर में बड़ा बदलाव!
डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में नगर परिषद डिंडौरी की विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में चल रहे निर्माण कार्यों के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना (बीएलसी 1.0 एवं 2.0) और एएचपी घटक की प्रगति पर विशेष फोकस किया गया।
समीक्षा के दौरान पट्टा अभियान, राजस्व वसूली, नए व्यवसायिक परिसर निर्माण, डिवाइडर निर्माण, प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर योजना, स्ट्रीट वेंडर योजना 2.0, अमृत 2.0 योजना तथा जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हर माह कम से कम 10 से 15 आवास पूर्ण किए जाएं और राजस्व वसूली शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मुख्य मार्गों के डिवाइडर पर बैनर, फ्लेक्स और झंडे न लगाने के सख्त निर्देश देते हुए कहा कि इससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है।
इसके साथ ही फुटपाथ पर संचालित ठेला, सब्जी एवं अन्य दुकानों को निर्धारित स्थानों पर ही लगाने के निर्देश दिए गए। सिविल लाइन स्थित त्र्यंबकेश्वर पार्क की व्यवस्थाओं को सुधारने और एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण, तालाबों, पार्कों, कॉलोनियों और वार्डों में साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने सभी योजनाओं का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन, पारदर्शिता और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, नगर परिषद सीएमओ अमित तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
