Dindori News : अवैध कबाड़ कारोबार पर शिकंजा, 10 स्क्रैप बसें मिलीं; खाद, स्कूल और निर्माण कार्यों की भी हुई सघन जांच…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में एसडीएम डिंडोरी रामबाबू देवांगन एवं एसडीओपी अजय तिवारी के नेतृत्व में थाना प्रभारी विक्रमपुर श्री अतुल हरदाहा तथा अन्य विभागीय अधिकारियों ने विक्रमपुर क्षेत्र में विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अवैध कबाड़ कारोबार, खाद वितरण, निर्माण कार्य, विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं नशा मुक्ति अभियान की समीक्षा की गई।

निरीक्षण की शुरुआत स्थानीय कबाड़ व्यापारी मोहम्मद शेख के प्रतिष्ठान से हुई, जहां लगभग 10 बसें स्क्रैप की स्थिति में पाई गईं। जांच के दौरान संबंधित व्यापारी स्क्रैप किए जाने से संबंधित आवश्यक दस्तावेज एवं वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर अधिकारियों ने पंचनामा तैयार कराया तथा मामले में पुलिस विभाग द्वारा पृथक से वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई।

इसके बाद प्रशासनिक दल ने शासकीय खाद गोदाम विक्रमपुर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 35 किसानों को टोकन प्रणाली के माध्यम से खाद का वितरण किया जा चुका है। शेष किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद का भंडारण किया जा रहा है और नियमानुसार वितरण की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राघोपुर परियोजना के निर्माण स्थल घुसियामाल स्थित एजेंसी कैंप का भी निरीक्षण किया। यहां सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन मार्ग, मेस एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ताकि निर्माण कार्य सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके।

इसके पश्चात प्रशासनिक टीम प्राथमिक शाला घुसिया पहुंची, जहां मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से भोजन एवं विद्यालय की व्यवस्थाओं के संबंध में बातचीत की। बच्चों ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही विद्यालय में अध्यापन कार्य का निरीक्षण किया गया, जो संतोषजनक पाया गया। निरीक्षण कार्यक्रम के अंत में चौकी विक्रमपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए सभी से स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *