Dindori FoodSafety : फूड सेफ्टी टीम पहुंची दुकानों पर, शेक-कोल्ड ड्रिंक की जांच से मचा हड़कंप….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

डिंडौरी। ग्रीष्म ऋतु में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में लगातार निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है।

 

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने जबलपुर बस स्टैंड क्षेत्र सहित कई स्थानों पर संचालित दुकानों और भोजनालयों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान सत्यम लस्सी एवं मैंगो जूस सेंटर, आनंद चाट भंडार, न्यू खेतेश्वर स्वीट्स, सवाई भोज आइसक्रीम कुल्फी शेक सेंटर, मां शारदा ट्रेडर्स और मारवाड़ी भोजनालय सहित कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई।

 

निरीक्षण के दौरान लस्सी, मैंगो शेक, बादाम शेक, शुगर फ्री कोल्ड ड्रिंक, मिल्क शेक, पनीर एवं चावल के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती प्रभा सिंह तेकाम ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थ तैयार करने में केवल शुद्ध पेयजल का उपयोग करने तथा पानी की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही फ्रिज, कंटेनर और खाद्य भंडारण सामग्री को स्वच्छ रखने पर भी जोर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मारवाड़ी भोजनालय को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 13(2) के तहत नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

प्रशासन ने खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी है कि गर्मी के मौसम में बिकने वाले कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम, जूस और अन्य पेय पदार्थों की निर्माण एवं अवसान तिथि का विशेष ध्यान रखें। साथ ही कोल्ड ड्रिंक को ठंडा करने के नाम पर अतिरिक्त शुल्क लेना कानून का उल्लंघन बताया गया है। उपभोक्ता इसकी शिकायत कंज्यूमर हेल्पलाइन में कर सकते हैं।

 

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले में मिलावट के खिलाफ अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *