डिंडौरी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा कोनार्क मैरिज गार्डन, डिंडौरी में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग का दो दिवसीय कार्यक्रम उत्साह एवं संगठनात्मक ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा की विचारधारा, बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार, कार्यपद्धति, सरकार की योजनाएं, मीडिया एवं सोशल मीडिया की भूमिका सहित विभिन्न विषयों पर वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते द्वारा प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ हुआ। प्रदर्शनी में भाजपा की वैचारिक यात्रा, संगठनात्मक गतिविधियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई।
प्रथम सत्र में फग्गन सिंह कुलस्ते ने बूथ प्रबंधन को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कार्यकर्ताओं से मतदान केंद्र स्तर तक सक्रिय रहने और घर-घर तक संगठन की नीतियां पहुंचाने का आह्वान किया। द्वितीय सत्र में भाजपा राष्ट्रीय मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
तृतीय सत्र में बालाघाट के पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश भटेरे ने संगठन विस्तार पर जोर देते हुए नए लोगों को पार्टी से जोड़ने की बात कही। वहीं अजजा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम ने “हमारा इतिहास एवं विकास” विषय पर भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद एवं भाजपा की वैचारिक यात्रा पर प्रकाश डाला।
कटनी के पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव ने “हमारा सैद्धांतिक अधिष्ठान” विषय पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के सिद्धांतों की जानकारी दी। इसके बाद पूर्व जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी ने संगठनात्मक अनुशासन, बैठक व्यवस्था एवं जनसंपर्क की कार्यपद्धति समझाई।
भाजपा जिला प्रभारी कमलप्रताप सिंह ने कार्यकर्ता विकास एवं संगठन में उनकी भूमिका पर विचार रखते हुए सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। रात्रिकालीन सत्र में सुंदरकांड का आयोजन हुआ, जिसमें कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ सहभागिता की। दूसरे दिन आयोजित सत्रों में पूर्व जिलाध्यक्ष संजय साहू ने विचार परिवार एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका पर प्रकाश डाला। मध्यप्रदेश सरकार की मंत्री सम्पतिया उईके ने वर्तमान राजनीतिक एवं सामाजिक चुनौतियों पर चर्चा करते हुए समाज को जागरूक एवं संगठित रखने की आवश्यकता बताई।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदिता पाठक ने व्यावहारिक सत्र के माध्यम से संगठनात्मक कार्यशैली एवं जनसंपर्क की जानकारी दी। वहीं श्रीकांत साहू एवं अमन शर्मा ने मीडिया और सोशल मीडिया की भूमिका पर विस्तार से चर्चा करते हुए सकारात्मक एवं तथ्यात्मक जानकारी समाज तक पहुंचाने पर जोर दिया।
समापन सत्र में निवास के पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते ने संगठन की रीति-नीति, अनुशासन एवं आगामी कार्ययोजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि राष्ट्र एवं समाज की सेवा है। प्रशिक्षण वर्ग में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान संगठन के प्रति उत्साह, अनुशासन एवं समर्पण का वातावरण देखने को मिला।
