डिंडौरी। जिले में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक में फल पौध रोपण, पीएम कृषि सिंचाई योजना, सब्जी क्षेत्र विस्तार, मसाला क्षेत्र विस्तार, पुष्प क्षेत्र विस्तार, बागवानी यंत्रीकरण, जैविक खेती, संरक्षित खेती, तथा उच्च मूल्य वाले सब्जी फसलों की खेती जैसी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने बताया कि वर्ष 2025-26 में निर्धारित लक्ष्यों की तुलना में भौतिक प्रगति अत्यंत कम पाई गई है। कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों — अनूप सिंह धुर्वे (ग्रामीण उद्यानिकी विस्तार अधिकारी डिंडौरी), पुरूषोत्तम उइके, कन्हैयालाल पटले (अमरपुर), सीएल नागेश, एम.एल. गोहिया (समनापुर), श्रीमती मौसम मरकाम (शहपुरा), मनोहर लाल हेडाउ एवं विवेक कुमार मिश्रा (मेंहदवानी) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
इसके अलावा, कुलदीप सिंह मरावी (ग्रामीण उद्यानिकी विस्तार अधिकारी बजाग) और हरप्रसाद अहिरवार (ग्रामीण उद्यानिकी विस्तार अधिकारी करंजिया) के लगातार अनुपस्थित रहने और कार्य में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर ने उनके निलंबन की फाइल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि जिन बैंकों ने उद्यानिकी विभाग के स्व-रोजगार प्रकरणों को स्वीकृत तो कर दिया है, लेकिन हितग्राहियों को भुगतान नहीं किया गया है, उन्हें नोटिस जारी किए जाएं। बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, उद्यानिकी अधिकारी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





