— कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई, संयुक्त कलेक्टर, दोनों एसडीएम और एसडीओपी सहित संबंधित अधिकारी रहे मौजूद।
डिंडौरी। जिले के हर्रा गाडासरई स्थित खनूजा वेयर हाउस से धान का अवैध परिवहन कर दूसरे राज्य में सप्लाई किए जाने की सूचना पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खनूजा वेयर हाउस से धान को दूसरे राज्य में अवैध रूप से भेजे जाने की सूचना जिला प्रशासन को मिली थी। सूचना मिलते ही प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान संयुक्त कलेक्टर भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, एसडीएम बजाग पुष्पेंद्र अहके और एसडीओपी बजाग विवेक गौतम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद धान के परिवहन और दूसरे राज्य में सप्लाई किए जाने का मामला चर्चा में है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अब तक धान की मात्रा, परिवहन में शामिल वाहनों तथा जांच के निष्कर्षों के संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

