Crime News : चौकी प्रभारी से मारपीट कर सोने की चेन लूटने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, घर से बरामद हुई चेन…..

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

— झनकी गांव में सड़क हादसे के बाद भड़की थी भीड़, ईको वाहन में लगाई थी आग; पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी को न्यायालय में किया पेश

डिंडौरी। जिले के करंजिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झनकी में सड़क दुर्घटना के बाद पुलिस चौकी प्रभारी के साथ मारपीट और सोने की चेन लूटने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से लूटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया है।

 

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को ग्राम झनकी में सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर गोपालपुर चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अतुल हरदहा पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे थे। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित थे। चौकी प्रभारी ने भीड़ को समझाइश देकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त ईको वाहन में आग लगा दी। आरोप है कि इस दौरान चौकी प्रभारी अतुल हरदहा के साथ मारपीट की गई और उनके गले में पहनी सोने की चेन लूट ली गई।

 

गंभीर धाराओं में दर्ज किया गया मामला

 

घटना के संबंध में करंजिया थाने में अपराध क्रमांक 229/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान प्रकरण में धारा 309(4) बीएनएस भी जोड़ी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस द्वारा मामले की लगातार निगरानी की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिए गए।

 

आरोपी के घर से बरामद हुई सोने की चेन

 

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक एस.एस. उसराठे के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक सुनील पटेल ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की। इसी क्रम में 27 अक्टूबर 2026 को मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ गणेश कुमार आर्मो (23 वर्ष), पिता स्वर्गीय हीरा सिंह आर्मो, निवासी ग्राम परसवाह, थाना गाड़ासरई, जिला डिंडौरी को पूछताछ के लिए बुलाया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर ग्राम परसवाह स्थित उसके घर से लूटी गई सोने की चेन बरामद की गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया गया। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *