Dindori Breaking News : भीषण आग से उजड़ गया आशियाना, देखते ही देखते खाक हुई पूरी गृहस्थी….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

गाड़ासरई थाना अंतर्गत ग्राम बरगांव का मामला

डिंडौरी। मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के थाना गाड़ासरई अंतर्गत ग्राम बरगांव में शुक्रवार की सुबह एक परिवार के लिए ऐसी मनहूस सुबह बनकर आई, जिसने उनकी पूरी दुनिया ही उजाड़ दी। बरगांव निवासी महादेव के घर में सुबह करीब 8 बजे अचानक अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी और कुछ ही पलों में सब कुछ राख में तब्दील हो गया।

 

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर से उठती ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। हर कोई बाल्टी, पानी और जो भी साधन मिला लेकर आग बुझाने दौड़ पड़ा, लेकिन आग की विकरालता के आगे सभी प्रयास बेबस नजर आए।

 

 

परिवार की आंखों के सामने ही उनकी वर्षों की मेहनत, सपने और पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई। घर में रखा अनाज, कपड़े, जरूरी सामान और यहां तक कि घर से चल रही छोटी किराना दुकान भी आग की भेंट चढ़ गई। इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

 

 

काफी मशक्कत और ग्रामीणों की एकजुटता के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। अब पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे खड़ा है और मदद की आस लगाए हुए है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *