— गाड़ासरई थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगांव का मामला
डिंडौरी। गाड़ासरई थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगांव में विगत दिन गुरुवार को एक बस ने ऑटो को ओवरटेक करते हुए टक्कर मार दी। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम बेनीवारी नरदहा से ऑटो में लोग ग्राम कोडिया जा रहे थे। उसी समय गाड़ासरई से डिंडौरी की ओर जा रही बस ने ऑटो को ओवरटेक करते हुए टक्कर मार दी, जिससे ऑटो सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में ऑटो में सवार 7 वर्षीय सूरजमति तितरी बाई (48 वर्ष), भान सिंग आर्मो और कुन्ती बाई यादव (लगभग 30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस दौरान बजाग एसडीएम रामबाबू देवांगन ड्यूटी के लिए डिंडौरी जा रहे थे। उन्होंने तुरंत घटना स्थल पर रुककर सभी घायलों को अपनी गाड़ी में गाड़ासरई स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया और प्राथमिक उपचार के बाद डिंडौरी जिला अस्पताल के लिए रैफर किया।
हादसे में 10 महीने की शिवानी यादव बाल-बाल बच गई। बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई है, और नाक में खरोंच आई है। जिला अस्पताल में उसकी हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डिंडौरी रैफर किया गया।
एसडीएम रामबाबू देवांगन इससे पहले भी कई हादसों में घायलों की मदद कर चुके हैं। कुछ महीने पहले बरगांव में दो बाइक की जबरदस्त टक्कर में घायल हुए लोगों को भी उन्होंने तत्काल अस्पताल पहुँचाया था। गाड़ासरई पुलिस ने अस्पताल पहुँचकर जाँच शुरू कर दी है।
