डिंडौरी। जिले के विकासखंड शहपुरा के ग्राम ढोड़ा बैगा टोला, बिलगड़ा बांध के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तोसल साहू के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और घर में रखा सामान जलकर खाक हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीन मोटर पंपों की सहायता से पानी डालकर आग पर काबू पाया। काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका जा सका, जिससे आसपास के अन्य घरों को नुकसान होने से बचा लिया गया।
बताया जा रहा है कि आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि घटना के बाद परिवार को भारी नुकसान हुआ है। गांव में घटना के बाद कुछ समय तक दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।ग्रामीणों की सूझबूझ और सामूहिक प्रयास से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को राहत सहायता देने की मांग की है।




